
कोण्डागांव: बाघ की खाल एवं दांतो की तस्करी करते चार गिरफ्तार
कोण्डागांव, 21 जुलाई । वन्य प्राणी बाघ की खाल और उसके दांतो की तस्करी कर रहे नारायणपुर के चार लोगों को कोण्डागांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोण्डागांव से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को साइबर सेल कोण्डागांव को मुखबिर से सूचना मिली कि बयानार क्षेत्रांन्तर्गत टेमरूगांव के जंगल के पास चार व्यक्ति अपने मोटरसाइकिल में एक नीले रंग के पाॅलिथीन में वन्य प्राणी बाघ का खाल छुपाकर रखे हैं और बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में है।
इस सूचना पर साइबर सेल एवं थाना बयानार पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए हुए टेमरूगांव जंगल के पास दो मोटरसाइकिल समेत चार व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे में एक बाघ खाल पाॅलिथीन के अंदर मिला था, दूसरे पाॅलिथिन में बाघ के दांत व अवशेष मिला। पकड़े गए सभी आरोपित नारायणपुर जिला के ओरक्षा ब्लॉक से हैं, जिनके नाम कारूराम गोटा पिता स्व. कोहला 28 वर्ष, सोनूराम कुमेटी पिता स्व गोगाराम 41 वर्ष, देउराम उसेण्डी पिता स्व फागुराम 40 वर्ष, लखमु ध्रुव पिता स्व कुमा ध्रुव 35 वर्ष निवासी कच्चापाल है।
उक्त आरोपितों के कब्जे से बरामद वन्य प्राणी बाघ का खाल और दांत का बाजार मूल्य लगभग 20 लाख रुपये आंका जा रहा है। घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल एवं चार मोबाइल जब्त किया गया है। सभी आरोपितों के विरुद्ध थाना बयानार में अपराध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर शुक्रवार को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।

