
महाराष्ट्र, 16 दिसंबर | रविवार को महाराष्ट्र में नागपुर जिले के बाजारगांव में सोलर एक्सप्लोसिव कंपनी में धमाका हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में 9 लोगों की मृत्यु हो गई है। मृतकों में 6 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। खबर है कि यह धमाका सोलर एक्सप्लोसिव कंपनी के कास्ट बूस्टर प्लांट में पैकिंग के दौरान हुआ है। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया गया है। इस जानलेवा हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश दिखाई दे रहा है।
जानकारी के मुताबिक रक्षा क्षेत्र के लिए हथियार बनाने वाली कंपनी सोलर ग्रुप की बाजारगांव स्थित इकोनॉमिक एक्सप्लोसिव लिमिटेड में रविवार को विस्फोट हो गया। 6 महिलाओं समेत 9 मजदूरों कि मृत्यु हो गई । सोलर ग्रुप की ओर से संचालित इकोनॉमिक एक्सप्लोसिव लिमिटेड, रक्षा क्षेत्र के लिए देश के सबसे बड़े हथियार बनाने वालो में से एक है। वर्तमान में इस कंपनी में भारतीय सेना और नौसेना के लिए अलग-अलग हथियारों का निर्माण किया जाता है। यह कंपनी भारत के बाहर तीस से ज्यादा देशों में हथियार निर्यात करता है ।
इस कंपनी की बाजारगांव में करीब 2 हजार एकड़ में बड़ी यूनिट है और कंपनी के संचालक प्रसिद्ध उद्यमी सत्यनारायण नुवाल हैं। सूत्रों ने बताया कि बाजारगांव स्थित कंपनी की सीबीएच 2 इकाई में काम करने वाले 12 में से 9 श्रमिकों की रविवार को मौत हो गई और सीबीएच 2 प्लांट की इमारत जल कर नष्ट हो गई है । महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री और मौजूदा विधायक अनिल देशमुख घटनास्थल पर मुआयना करने लिए पहुंच गए हैं।

