
सोनीपत में खैर की 242 क्विंटल लकड़ी से भरा ट्राला पकड़ा
सोनीपत, 28 जून । जीटी रोड पर कनक ढाबा के पास सूचना मिलने पर पुलिस व वन विभाग की टीम ने खैर की लकड़ी से भरा एक ट्राला जब्त किया। इसमें से खैर की 242 क्विंटल लकड़ी मिली है। यह औषधीय लकड़ी है, जिसकी बाजार में लगभग 20 लाख रुपए कीमत आंकी गई है। पुलिस ने फिलहाल वन विभाग के दरोगा की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गन्नौर क्राइम यूनिट के एसआई चांद सिंह ने बताया कि वह एसआई हनीफ, एसआई प्रदीप व सिपाही सोमदत्त के साथ जीटी रोड पर गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें अपने विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि जीटी रोड पर सर्विस लेन पर कनक गार्डन ढाबा गन्नौर के पास 12 टायर वाला एक ट्राला लकड़ियों से भरा हुआ खड़ा है। यह लकड़ी अवैध होने की आशंका है।
एसआई चांद सिंह की पुलिस टीम ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग गन्नौर के ब्लॉक ऑफिसर आनंद सिंह मौके पर आए। लकड़ियों की जांच की गई और बताया कि यह खैर की लकडियां हैं। इसके बाद मौके पर वन विभाग के अधिकारी आनंद सिंह ने लकड़ियों से भरे इस ट्राले का वजन करवाया और इसका वजन 24 हजार 205 किलो मिला है। पुलिस ने आनंद सिंह की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

