
यमुनानगर में रैली की तैयरियां पूरी, रक्षा मंत्री करेंगे शिरकत:कंवरपाल
यमुनानगर, 28 जून । अंबाला लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत जगाधरी की अनाज मंडी में 29 जून को आयोजित होने वाली भाजपा सरकार की गौरवशाली भारत रैली की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। इसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
इस रैली की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे स्कूल शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने बताया कि इस ऐतिहासिक रैली को लेकर कार्यकर्ता व आम जनता में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि इस भारत गौरवशाली रैली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता पंहुचेंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली में अतिथियों द्वारा केंद्र में सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर की गई आम जनता की भलाई के लिए चलाई गई योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे।
उन्होंने कहा कि इस रैली के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरणों में है। यह रैली अपने आप में एक विशाल रैली होगी। करीब 20 हजार कार्यकर्ता व आम जन इस रैली में पंहुचेंगे। उन्होंने बताया कि रैली स्थल पर मुख्य मंच, सहायक मंच, मीडिया गैलरी व आमजन के बैठने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि रैली स्थल के शेड के साथ दोनों तरफ व सामने की तरफ अतिरिक्त वाटर प्रूफ टेंट लगाकर शेड की क्षमता को लगभग तीन गुणा तक बढ़ाया गया है।
रैली में आने वाले लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था विशेष रूप से की गई है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जगाधरी आगमन पर रैली स्थल के साथ-साथ पूरे शहर को पार्टी के झंडों से सजाया जा रहा है।

