
श्री अमरनाथ यात्रा 2023 की व्यवस्थाओं को दिया गया अंतिम रूप, जायजा लेने लखनपुर पहुंचे डीसी कठुआ
कठुआ, 28 जून । श्री अमरनाथ जी यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीसी कठुआ राकेश मिन्हास नेबुधवार को लखनपुर का दौरा किया। यात्रियों के स्वागत के लिए जारी तैयारियों का जायजा लेने के साथ साथ उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए। उनके साथ एसएसपी शिवदीप सिंह जम्वाल, डीसी स्टैट टैक्स रंजीत सिंह सहित अन्य भी मौजूद रहे।
डीसी ने प्रवेशद्वार लखनपुर में बने काॅरिडोर में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए विभिन्न व्यवस्थाओं संबंधी काउंटरों का भी जायजा लिया। जहां यात्रियों को गर्मजोशी से स्वागत किया जाऐगा। उन्होंने आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देते हुए विभागों को मिलकर काम करने का निर्देश दिया। डीसी ने एनएचएआई और पर्यटन विभाग के संबंधित अधिकारियों को जिले में यात्रा मार्ग पर डिजिटल स्क्रीन, होर्डिंग और साइनेज लगाने को सुनिश्चित करने का आह्वान किया। यात्रियों के लिए शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है जिसका भी जायजा लिया गया। डीसी ने जानकारी देते हुए कहा कि यात्रियों के लिए तमाम तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। यात्रियों के लिए आपात स्थिति में ठहराने की व्यवस्थाएं भी की गई है। डीसी ने बताया कि जिला में सुरक्षा को चाक चैबंद किया गया है। हाइवे पर विशेष तौर पर सीसीटीवी भी लगाए जा रहे हैं।

