Skip to main content
Breaking News :
उत्तरकाशी सुरंग से निकाले गए प्रत्येक मजदूर को एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी राज्य सरकार राजस्थान में सुबह 9 बजे तक 9.77 फीसदी मतदान दर्ज किया गया पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हुए आत्मघाती विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 44 हुई मणिपुर वीडियो पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 182 अंक लुढ़का महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट सच्चे हिंदू नहीं हो सकते राहुल गांधी: गिरिराज सिंह राजस्थान सरकार के बर्खास्त मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा बोले- मंत्रियों विधायकों ने मारा, लाल डायरी छीन ली | उज्जैन: भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, आधी रात से लगी लम्बी कतारें | केंद्रीय गृहमंत्री ने बाढ़ की स्थिति को लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री से की बात |

आदिवासी दिवस: राहुल गांधी आज मानगढ़ धाम पर, गौरव पर्व के रूप में मनाएगी कांग्रेस

बांसवाड़ा/जयपुर, 9 अगस्त । राजस्थान कांग्रेस विश्व आदिवासी दिवस को बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम पर आदिवासी गौरव पर्व के रूप में मनाएगी। कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई बड़े नेता शामिल होंगे। राहुल गांधी मानगढ़ धाम पर बुधवार दोपहर हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। राहुल गांधी की सभा में अधिकाधिक लोगों को ले जाने के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से अंचल के सभी विधानसभा क्षेत्रों से व्यवस्थाएं की गई हैं।

राहुल गांधी की सभा को लेकर प्रदेश प्रभारी एसएस रंधावा व प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बांसवाड़ा पहुंचकर कमान संभाल ली है। बुधवार को मानगढ़ धाम पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, राज्यमंत्री अर्जुन सिंह बामनिया, भंवरसिंह भाटी, ममता भूपेश, गोविंद मेघवाल, शकुंतला रावत, रफीक खान, जगदीशराज श्रीमाली सहित अन्य मंत्री व विधायक कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। मानगढ़ धाम पर तैयारियों की कमान जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीतसिंह मालवीया ने संभाल रखी है।

मानगढ़ धाम पर होने वाली आम सभा में आने वाले लोगों को अपने वाहन सुबह 11 बजे तक ढालरिया गांव तक ले जाने की अनुमति होगी। इसके पश्चात कोई भी निजी वाहन खेडापा तिराहा से आगे ले जाने की अनुमति नहीं होगी। आनंदपुरी से लेकर आमलिया हेलिपेड तक 10 पार्किंग स्थल चिन्हित किए हैं।

उल्लेखनीय है कि मानगढ़ धाम राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र चार राज्यों के आदिवासी समाज के लिए आराध्य स्थल है। भील आदिवासियों के नेता गोविंद गुरु की अगुवाई में अंग्रेजों के खिलाफ यहां से सबसे बड़ी जंग लड़ी थी। इस जंग ने अंग्रेजों को नाकों चने चबाने पर मजबूर कर दिया था। इसी से बौखलाए अंग्रेजी शासन ने 17 नवंबर 1913 को राजस्थान गुजरात की सीमा पर बांसवाड़ा के मानगढ़ में करीब 1500 भील आदिवासियों को मौत के घाट उतार दिया था। उनकी याद में मानगढ़ पहाड़ी पर एक स्मारक बनाया गया था। इसे मानगढ़ धाम कहते हैं। मध्यप्रदेश और राजस्थान में इसी साल चुनाव हैं। ऐसे में राहुल गांधी के दौरे को राजस्थान की 25 और मध्यप्रदेश की 45 सीटों काे साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

error: Content is protected !!