
पंजाब सरकार को चूना लगा रहे तीन परिचालक काबू
चंडीगढ़, 26 जून । पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर गठित मिनिस्टर्स फ्लाइंग स्क्वाड ने सरकारी ख़ज़ाने और यात्रियों को चूना लगाने वाले तीन परिचालकों को काबू किया है। इनमें से एक कंडक्टर ने यात्रियों से करीब 1200 रुपये की ठगी की थी, जबकि एक अन्य कंडक्टर को दो दिनों में ग़बन के दो मामलों में रिपोर्ट किया गया है।
परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि फ्लाइंग स्क्वाड ने खन्ना में तरनतारन डिपो की बस नंबर पीबी-02-ईजी 4728 को चेक किया गया तो कंडक्टर जसकरन सिंह को यात्रियों से 1170 रुपये लेकर टिकट न देने का दोषी पाया गया। यह बस दिल्ली से तरनतारन जा रही थी।
इसी तरह हेडों में लुधियाना डिपो की बस नंबर पीबी-10-एचटी 2834 की चेकिंग के दौरान कंडक्टर संजय कुमार से 615 रुपये अतिरिक्त बरामद हुए हैं, जो उसने यात्रियों से लिए थे, लेकिन बदले में उन्हें टिकट नहीं दिए। इससे पहले दिन कंडक्टर संजय कुमार ने तीन बसों की अड्डा फीस न काटकर विभाग को 283 रुपये का वित्तीय नुकसान पहुंचाया था, जिसके कारण उसे बदलकर बस में तैनात किया गया था।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अन्य राज्यों में चैकिंग की श्रृंखला के तहत मिनिस्टर्स फ्लाईंग स्क्वाड ने हिमाचल प्रदेश के बनीखेत कस्बे में चैकिंग की गई, जहां अमृतसर-1 डिपो की बस नंबर पीबी-02-ईजी 0964 के कंडक्टर मंजीत सिंह को सवारियों से 490 रुपये लेकर टिकट न देने के मामले में रिपोर्ट किया गया है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इसके अलावा दो बसों के अनाधिकृत रूटों पर चलने के लिए रिपोर्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि फगवाड़ा बाईपास पर चेकिंग के दौरान जालंधर-1 डिपो की बस नंबर पीबी-08-ईएक्स 0976 और शहीद भगत सिंह नगर डिपो की बस नंबर पीबी-07-बीक्यू 5442 अनाधिकृत रूट पर चलती पाई गईं। अनाधिकृत रूट पर चलने के कारण दोनों बसें महज़ क्रमशः 9 और 6 यात्री ही ले जा रही थीं। परिवहन मंत्री ने उच्च अधिकारियों को ड्राइवरों और कंडक्टरों के खिलाफ उचित विभागीय कार्रवाई करने के आदेश दिए

