
कोटा, 5 सितंबर । राजस्थान में भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने मंगलवार को कोटा में पत्रकारों से कहा कि डीएमके के युवराज तमिलनाडु सरकार में मंत्री एवं मुख्यमंत्री स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म को समाप्त करने का जो विवादित बयान दिया है, वह घोर निंदनीय है। उन्होंने आक्रमण करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर देशवासियों में आक्रोश है लेकिन कांग्रेस गठबंधन के घटक दलों की खामोशी और गोलमोल जबाब देने पर प्रश्नचिन्ह लगता है।
उन्होंने कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले उदयनिधि स्टालिन के बयान को सोची समझी साजिश बताया और कहा कि इस पर घमंडिया गठबंधन के घटक दलों को अपनी स्थिति आमजनता के सामने स्पष्ट करनी होगी।
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने कांग्रेस आलाकमान और अध्यक्ष राहुल गांधी से सवाल किया कि वे यह स्पष्ट करें कि डीएमके के उदयनिधि स्टालिन के इस बयान के साथ सहमत है या असहमत। उन्होंने कहा गोलमोल और इधर-उधर की बातों का कोई अर्थ नहीं रह जाता है। देशवासी स्पष्ट रूप से जानना चाहते हैं कि स्टालिन के बयान पर कांग्रेस और राहुल गांधी का क्या स्टैंड है। उत्तर तत्काल और स्पष्ट मिलना चाहिये। यह मुद्दा देश की धर्म संस्कृति से जुडा है, इस पर गोलमाल बातों से काम नहीं चल सकता। उन्होंने कांग्रेस गठबंधन के लोगों के द्वारा हिंदुत्व विरोधी अनेक बयानों की चर्चा करते हुए कांग्रेस गठबंधन को हिन्दू विरोधी बताया और कहा कि आगामी चुनाव में राजस्थान की जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।

