
वाराणसी, 30 जुलाई । अस्सी घाट पर जय मां गंगा सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाली सांयकालीन गंगा आरती में रविवार को दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी और बीजेपी नेता कपिल मिश्रा भी शामिल हुए। दोनों नेताओं ने मां गंगा की आरती उतारी। उसके बाद तीर्थ पुरोहित बलराम मिश्र के साथ नित्य अन्नपूर्णा सेवा में शामिल होकर जरूरतमंदों के बीच में भोजन वितरण किया।
इस दौरान मनोज तिवारी ने कहा कि इस घाट से हमारी यादें जुड़ी है। इसी घाट पर बैठकर मैंने अपने संगीत जीवन की शुरुआत की थी। छात्र जीवन में हम लोग अस्सी घाट घूमने आया करते थे। आज की स्वच्छता और भव्यता अब काफी बढ़ गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसी घाट पर फावड़ा चलाकर घाट की सफाई की थी। कपिल मिश्रा ने तीर्थ पुरोहितों के कार्यों को सराहा। उन्होंने कहा कि आप जब भी मैं बनारस में रहूंगा तो अस्सी घाट जरूर आऊंगा। उन्होंने कहा कि काशी बदल गई है और काशी का विकास हो रहा है।

