
गुवाहाटी, 30 जुलाई । मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि असम विधानसभा की नई इमारत असम के लोगों के सपनों को जगाएगी और एक जीवंत असम के निर्माण की उम्मीदों को नई उड़ान देगी।
ये बातें मुख्यमंत्री ने आज असम विधानसभा के नए भवन के उद्घाटन समारोह को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की उपस्थिति में संबोधित करते हुए कही । मुख्यमंत्री ने कहा कि आज, हमने लोकतंत्र के इस मंदिर को लोगों को, लोगों के लिए और लोगों के द्वारा समर्पित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सबसे पुरानी विधानसभाओं में से एक असम विधानसभा को आखिरकार एक स्थायी भवन मिलना असम के हर नागरिक के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि असम विधानसभा को लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै बिष्णु प्रसाद राभा, डॉक्टर भूपेन हजारिका जैसी बड़ी हस्तियों ने चलाया है।
उन्होंने अपने संबोधन में नए विधानसभा भवन में मौजूद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा, सेंट्रल हॉल, सभी राजनीतिक दलों के लिए अलग-अलग कक्ष, विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, प्रतिपक्ष के नेता, मंत्रियों के लिए कक्ष सभी प्रकार की सुविधाओं से लैस बनाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की चर्चा की। उन्होंने अपने संबोधन में असम विधानसभा को लेकर विभिन्न प्रकार से चर्चा की।
इस अवसर पर कार्यक्रम के प्रारंभ में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने असम विधानसभा के नए भवन का उद्घाटन किया। जहां लोकसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री के साथ ही असम विधानसभा के अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, रामेश्वर तेली समेत राज्य सरकार के मंत्री, विधायक एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

