
करोड़ों के आनलाइन फ्रॉड मामले में पुलिस को बड़ी मिली कामयाबी, 11 गिरफ्तार
धर्मशाला, 20 जून । कांगड़ा जिला में करोड़ों के बैंक अंकाउट ट्रांजेक्शन के आनलाइन फ्रॉड मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले में अंर्तराज्जीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक यह एक अंर्तराज्यीय गिरोह है, जो लोगों के अलग-अगल खाते खुलवा कर उन्हें अपना शिकार बनाता है। इस मामले को लेकर मंगलवार को एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए इस मामले की मीडिया से जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि यह मामला करोड़ों रुपये के लेनदेन का हो सकता है तथा इसमें देश के कई भागों से और लोगों की गिरफ्तारियां होने की भी पूरी संभावना है। उन्होंने कहा कि अभी पुलिस की जांच प्रथम चरण पर है पंरतु धीरे-धीरे जैसे ही इसकी जांच आगे बढ़ेगी इसमें कई बड़े खुलासे होंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में पुलिस द्वारा अब तक 11 लोगों को गिरफतार किया जा चुका है। जिनमें कांगड़ा जिला के बैजनाथ-पपरोला से दो लोग जबकि मोहाली से नौ लोगों को गिरफतार किया गया है।
उन्होंने बताया कि इन लोगों के कब्जे से 13 लैपटॉप, 38 मोबाइल, 34 एटीएम कार्ड, 33 सिम कार्ड तथा एक जिओ फाइबर कनेक्शन बरामद किया गया है। इसके अलावा सात आधार कार्ड और आठ पैन कार्ड तथा तीन वोटर कार्ड और एक पास्पोर्ट भी बरामद किए गए हैं। रेड के दौरान पुलिस ने 27 चेक बुक तथा 34 पासबुक भी बरामद किए हंै। यह सारा सामान पपरोला, बैजनाथ तथा पंजाब के मोहाली में पुलिस टीम की ओर से की गई रेड के दौरान बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि यह नेटवर्क मोहाली में चार में से देा फलैट से चल रहा था जिनमें दो जगह रेड करने के बाद यह सारा सामान बरामद किया गया है।
उन्होंने कहा कि मोहाली से पकड़े गए नौ लोगों में पांच छत्तीसगढ़ से जबकि चार आरोपी उत्तरप्रदेश से हैं। उन्होंने कहा कि लिहाजा अब इस मामले के तार अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हुए दिखाई दे रहे हैं तथा अभी कई और लोगों की गिरफ्तारियां की जाएंगी।

