
यमुनानगर: किसानों की चेतावनी, 29 को करेंगे भाजपा रैली का विरोध: संजू गुंदियाना
— मेरी फसल मेरा ब्यौरा में सूरजमुखी पोर्टल पर किसानों के 222 नाम है काटे
— 29 जून को होगी भाजपा की जगाधरी रैली
— रैली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे शामिल
यमुनानगर, 26 जून (हि.स.)। सूरजमुखी फसल के पोर्टल पर नाम पंजीकरण ना होने से नाराज किसानों ने जिला उपायुक्त यमुनानगर के नाम मांग पत्र दिया। भाकियू (चढूनी) के जिला प्रधान संजू गुंदियाना ने बताया कि तकरीबन यमुनानगर के 222 किसानों का मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर से सूरजमुखी की फसल का पंजीकरण काट दिया गया है। जिस कारण से किसान को एक महीने से भी अधिक समय पहले की खेतों से काटी गई सूरजमुखी की फसल को बेचने में परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि बिना पोर्टल के गेट पास नहीं कटता और बिना गेट पास के सूरजमुखी की फसल नहीं बिकती। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सूरजमुखी की खरीद से भाग रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारियों से बात करते हैं तो वें किसान को निजी हाथों में बेचने की बात कहते है। उन्होंने कहा कि किसान तकरीबन 1 महीने से अधिकारियों और कृषि दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन अभी तक पोर्टल ठीक नहीं किया गया है।
उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पोर्टल पर जल्द से जल्द किसानों का काटा हुआ पंजीकरण ठीक नहीं किया तो 29 जून को अनाज मंडी में होने वाली भाजपा की रैली का किसान पुरजोर विरोध करेंगे और मंत्री के निवास पर किसान प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस मौके पर पप्पल, जोगिंदर, संदीप, महेश्वरी, कुलदीप सिह व गुरमीत सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

