
फतेहाबाद: भाखड़ा में बही एक और युवती का शव लोहाखेड़ा गांव के पास से बरामद
फतेहाबाद, 26 जून । टोहाना के साथ लगते पंजाब क्षेत्र में शुक्रवार को भाखड़ा नहर में ट्रैक्टर गिरने से नहर में लापता हुई तीन महिलाओं में से दूसरी युवती 18 वर्षीय पायल का शव सोमवार सुबह गांव लोहाखेड़ा के पास से बरामद हो गया है। इससे पहले रविवार शाम को 32 वर्षीय कमलेश की बॉडी नहर से बरामद हुई थी। अब इस हादसे में नहर में बही तीसरी महिला गीता की खोजबीन जारी है।
दूसरी महिला की बॉडी सोमवार सुबह गांव लोहाखेड़ा के पास से बरामद हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि तड़के हेड के पास किसी का शव बहते देखा था। पहले लगा किसी बच्चे का शव है, लेकिन बाद में युवती का शव होने का अंदेशा हुआ। शव का पीछा करते हुए वह लोहाखेड़ा पुल के पास पहुंचे और वहां से शव को बाहर निकाला तो शव पंजाब के हरिगढ़ गेला क्षेत्र में नहर में डूबी युवती पायल का था।
बता दें कि दो दिन पहले टोहाना से पीछे पंजाब क्षेत्र के गांव हरिगढ़ गेला के पास नौसिखिया ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर को नहर में कूदा दिया था। कई महिला मजदूर ट्रैक्टर के पीछे जुड़े कल्टीवेटर पर धान की पनीरी को एक खेत से दूसरे खेत में ले जाने के लिए बैठी थीं। मौके पर पहुंचे लोगों ने अधिकतर को बाहर निकाल लिया था, लेकिन 18 वर्षीय पायल, 32 वर्षीय कमलेश व गीता बह गई थीं। बाद में बठिंडा से एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम ने भी कई घण्टे तलाश कर 5 किलोमीटर नहर को खंगाला, लेकिन कुछ नहीं पता चला तो कल शाम को ऑपरेशन बंद कर दिया गया था।

