
रेवाड़ी में फायर आफिसर रिश्वत लेते गिरफ्तार
रेवाड़ी, 19 जून । रेवाड़ी में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए फायर ऑफिसर को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। फायर आफिसर द्वारा एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। एसीबी की टीम आरोपित से पूछताछ कर रही है। प्रशासन की ओर से जिला राजस्व अधिकारी राकेश कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था।
धारूहेड़ा स्थित विपुल गार्डन सोसायटी की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से फायर एनओसी रिन्यू कराने के लिए दमकल केंद्र में आवेदन किया गया था। आरोप है कि फायर आफिसर सज्जन सिंह सांगवान ने फायर एनओसी रिन्यू करने की एवज में आरडब्ल्यूए प्रधान कंवर सिंह से एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की। आरोपित ने रिश्वत के 40 हजार रुपये ले लिए थे। इसके बाद भी फायर आफिसर द्वारा एनओसी नहीं दी जा रही थी। काफी चक्कर लगवाने के बाद एनओसी जारी नहीं की गई और फायर आफिसर द्वारा रिश्वत की और राशि की मांग की जा रही थी।
कंवर सिंह ने रिश्वत मांगने की शिकायत गुरुग्राम एंटी क्रप्शन ब्यूरो को दी। बातचीत के बाद फायर आफिसर सज्जन सिंह सांगवान ने रिश्वत देने के लिए कंवर सिंह को सोमवार को अपने रेवाड़ी स्थित कार्यालय में बुलाया गया।
एसीबी गुरुग्राम की टीम भी रेवाड़ी पहुंच गई। प्रशासन की ओर से जिला राजस्व अधिकारी राकेश कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। कंवर सिंह रिश्वत की राशि लेकर रेवाड़ी स्थित दमकल केंद्र में पहुंचे। कार्यालय में रिश्वत की तीस हजार रुपये लेते ही एसीबी के इंस्पेक्टर रणबीर सिंह की टीम ने रंगे हाथों काबू कर लिया। एसीबी की टीम आरोपित को अपने साथ ले गई। एसीबी की टीम मामले की जांच कर रही है।

