
धनबाद, 5 अगस्त । झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर शनिवार को धनबाद के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ”जुड़ेगा भारत जीतेगा इंडिया” के स्लोगन के साथ एक मोटरसाइकिल रैली निकाली। रैली धनबाद से शुरू होकर धनबाद के सभी छह विधानसभा का भ्रमण कर वापस धनबाद में आकर समाप्त होगी।
इस कार्यक्रम की अगुवाई कर कांग्रेस नेता अशोक सिंह ने कहा कि ”भारत जोड़ो यात्रा की बात आम जनों के साथ”। यह राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा का ही छोटा रूप है, जो झारखंड में शुरू किया गया है। इसके तहत मोटरसाइकिल से 180 किलोमीटर की लंबी रैली निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि एक महीने तक चलने वाले इस कार्यक्रम में कांग्रेस के नेता जन जन तक पहुंच कर ”नफरत छोडो भारत जोडो” का संदेश देगें। साथ ही आज पूरे देश में धर्म और जाति के नाम पर जो आग जल रही है उसे राहुल गांधी के प्रेम संदेश से उसे बुझाने का काम कांग्रेस के कार्यकर्ता करेंगे।
उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में महंगाई, भ्रष्टाचार और नफरत का माहौल है। इसे कोई मिटा सकता है तो वह राहुल गांधी द्वारा देश को दिया गया प्रेम का संदेश ही है। इसे कांग्रेस कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी पर लगी पाबंदियों को हटा दिया है। अब संसद में राहुल गांधी के तीखे सवालों से सरकार पक्ष को रूबरू होना होगा। साथ ही अडानी ग्रुप को 21 हजार करोड़ रुपये जो विदेशों से मिले है उसका जवाब भी पीएम मोदी और शाह की जोड़ी को देना होगा।

