
देहरादून, 7 अगस्त । अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने विकास प्राधिकरण मानचित्र स्वीकृति को सर्वसुलभ एवं आसान बनाने के साथ ही निर्धारित अवधि में स्वीकृत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को सचिवालय में अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण/विकास प्राधिकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस दौरान पार्किंग परियोजनाओं, प्राधिकरण स्तर पर संचालित अन्य परियोजनाओं, महायोजना, सिटी मोबलिटी प्लान यूनिटी मॉल, लैण्ड बंक, शेल्टर फण्ड, फसाड पॉलिसी, टीडीआर और पार्किंग पॉलिसी और प्राधिकरणों में मानचित्रों के निस्तारण, ई-ऑफिस/ईज एप के साथ-साथ प्री एप्रूवल मैप/सेल्फ सर्टिफिकेशन आदि की समीक्षा की गई।
इस मौके पर अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि प्राधिकरण स्तर पर संचालित पार्किंग परियोजनाओं को तीव्र गति से पूर्ण करते हुए टर्नल व मैकेनिकल पार्किंग के लिए सम्भावनाएं तलाशी जाए। स्थानीय स्तर पर पार्किंग विकसित करने के लिए उत्तराखण्ड पार्किंग नियमावली के अन्तर्गत निजी भू-धारकों से प्रस्ताव प्राप्त करने में तेजी लाई जाए। उन्होंने प्राधिकरण स्तर पर चलाये जाने वाली समस्त योजनाओं के प्रभावी नियोजन के लिए समय सारणी बनाने और परियोजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय सीमा के तहत किया जा सके।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि शहरों की यातायात व्यवस्था के नियोजन के लिए सिटी मोबेलिटी प्लान तैयार करने और महायोजना निर्माण में सिटी मोबेलिटी प्लान के आधार पर प्रावधान करने कहा। महायोजना के विकास में आर्थिक संसाधनों का भी ध्यान रखा जाए। जिससे महायोजनाएं शहर के विस्तार को आर्थिक रूप से समृद्ध किये जाने में सहायक सिद्ध हो सके। उन्होंने कहा कि प्राधिकरणों को प्राप्त वाले शेल्टर फण्ड का उपयोग दुर्बल आय वर्ग के आवासों के निर्माण में किया जाए।
बैठक में चर्चा के दौरान भारत सरकार की हर शहर में यूनिटी मॉल तैयार किये जाने की योजना को ऋषिकेश, देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार तथा उधमसिंहनगर में चिन्हित भूमि की डीपीआर तैयार कर आवश्यक रूप से उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिये गये। जिससे राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय उत्पादों का एक साथ विपणन की सुविधा प्रदान की जाए सके।
बैठक में एसएन पाण्डेय सचिव आवास, बंशीधर तिवारी उपाध्यक्ष मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण, हरिशचन्द काण्डपाल उपाध्यक्ष जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण उधमसिंहनगर, अंशुल सिंह उपाध्यक्ष हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण, पीसी दुम्का संयुक्त मुख्य प्रशासक उड़ा, एसएस श्रीवास्तव नगर नियोजक सहित सभी प्राधिकरणों के सचिव मौजूद रहे।

