
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने दस हजार रुपये रिश्वत लेते एएसआई को दबोचा
चंडीगढ़, 1 जुलाई । पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने फिरोजपुर जिले के सिटी जीरा में तैनात सहायक सब इंस्पेक्टर (एएसआई) गुरदीप सिंह को दस हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में धर दबोचा है। वह संजीव कुमार, निवासी जीरा (डाबन गन हाउस के मालिक) की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है।
ब्यूरो के प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि शिकायतकर्ता संजीव कुमार ने विजिलेंस ब्यूरो के थाना फिरोजपुर रेंज में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपित एएसआई ने 26 अगस्त, 2021 को सिटी थाना जीरा में दर्ज हुए विवाद के मामले में उसकी और उसके परिवार के सदस्यों की मदद करने के बदले में दस हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उक्त एएसआई ने 23 जून को उसके भाई राजीव कुमार उर्फ मोनू की जमानत दिलाने के लिए 5000 रुपये की रिश्वत ली थी और अब 10,000 रुपये की और मांग कर रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उक्त एएसआई पहले 60 हजार रुपये रिश्वत ले चुका है। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने ट्रैप लगाकर उक्त एएसआई को दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में शिकायतकर्ता से दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही काबू कर लिया।

