
गुना, 8 दिसंबर । मध्य प्रदेश में लोकसभा की सभी 29 सीटें जीताकर भाजपा की झोली में डालने को लेकर शुरू किए गए अपने अभियान मिशन-29 के तहत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को गुना जिले के राघौगढ़ (वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के गृह नगर) पहुंचे। यहां उन्होंने विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलने पर मतदाताओं वा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश में मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर कहा कि मामा और भैया का पद दुनिया में हर पद से बड़ा है।
मुख्यमंत्री चौहान विधानसभा चुनाव की थकान मिटाने की बजाय प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की हारी हुई और कांग्रेस के जीती हुई सीटों का दौरा कर रहे हैं। इसी सिलसिले में वे शुक्रवार को वे राघौगढ़ पहुंचे थे। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि राघौगढ़ से हमारे प्रत्याशी हिरेंद्र सिंह उर्फ बंटी बना को जनता का भरपूर प्यार मिला, केवल थोड़े से वोटों से ही हम पीछे रह गए। हम जनता को वचन देते हैं कि उनकी सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। हमने विधानसभा के चुनाव के बाद अब लोकसभा की तैयारी प्रारंभ कर दी है और ऐसी 66 सीटें जहां हम हार गए थे वहां हम पहले जा रहे हैं। मैं पहले छिंदवाड़ा गया फिर श्योपुर गया और अब में राघौगढ़ में आया हूं। हमारा संकल्प है कि प्रदेश में लोकसभा की सभी 29 सीटें हम जीतें। साथ ही हर विधानसभा में नरेंद्र मोदी जीतें ये हमारा संकल्प है।
उन्होंने कांग्रेस के ईवीएम मशीन में गड़बड़ी को लेकर उठाए गए सवाल के जवाब में कहा कि यदि ईवीएम में गड़बड़ी थी तो छिंदवाड़ा में कैसे जीत गए। कर्नाटक और हिमाचल में कैसे जीत गए। उन्हें पहले से शंका थी कि हारने वाले हैं तो ईवीएम का राग अलापने लगे। बहाने बनाए जा रहे हैं, ईवीएम में हार गए। अरे ईवीएम में हार जाते तो बंटी बना को 400 वोट से पीछे क्यों रहने देते। सयानी बिल्ली खंबा नोचे। कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, ईवीएम ने नहीं आपके अहंकार ने आपको हराया है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जब मैं 2003 में लड़ा तो मैंने कहा कि ये तो मुख्यमंत्री का क्षेत्र है, यहां तो विकास बहुत हुआ होगा। लेकिन मैंने लटेरी की तरफ से राघौगढ़ की सीमा में प्रवेश किया तो पता ही नहीं चला गड्ढों में सड़क है या सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में गड्ढा है। मुख्यमंत्री के क्षेत्र की सड़क गायब, मैं संजीव के घर रुकता था। बिजली भी गायब ही रहती थी, कभी पता ही नहीं चलता था। राघौगढ़ का नाला तक तो तुम ठीक नहीं करवा पाए। अभी मैं देखकर आ रहा हूं।
उन्होंने कहा कि मेरे बहनों-भाइयों, आपने मुझे अद्भुत प्यार दिया, 48.5 फीसदी से ज्यादा मुझे वोट दिए जनता ने। प्रेस और सोशल मीडिया के बड़े-बड़े समीक्षक कह रहे थे कि कांग्रेस आगे है। कोई कोई कह रहा था, कांटे का मुकाबला है। लेकिन मैंने चुनाव के पहले ही कह दिया था कि कोई कांटे का मुकाबला नहीं है, एक तरफा चुनाव है। सारे कांटे मेरी बहनों ने निकाल दिए। समीक्षक और विश्लेषक ये बात भी सुन लें कि जातियों से ऊपर उठकर लोगों ने भाजपा को वोट किया है। नरेन्द्र मोदी को वोट किया है। हमारी योजनाओं को किया है, इसलिए चारों तरफ भाजपा जीती। बहनों ने तो रिकॉर्ड तोड़ दिया वोटों के रूप में, आशीर्वाद की वर्षा की है। ये मध्यप्रदेश मेरा परिवार है। मुझे लगता है हर एक को कैसे मैं सीने से लगाऊं, माथा चूमूं, उनको प्यार करूं और उनकी ज़िंदगी कैसे बेहतर बना पाऊं। 24 घंटे केवल एक ही सोच दिमाग में रहती है, ये अपना परिवार है और मामा और भैया का जो पद है, वो दुनिया में किसी भी पद से बड़ा पद है, इससे बड़ा पद कोई नहीं है।

