
रांची, 12 सितम्बर । अवैध खनन से जुड़े मनी लांड्रिंग के केस में ईडी का गवाह विजय हांसदा कोर्ट में बयान से मुकर गया। ईडी के विशेष न्यायाधीश पीके शर्मा की अदालत में मंगलवार को उसका बयान दर्ज करवाया गया। उसका बयान बुधवार को भी दर्ज करवाया जाएगा।
वह मंगलवार को कोर्ट में दिए अपने बयान में ईडी के समक्ष दिए बयान से मुकर गया। सुनवाई के दौरान इस केस का आरोपित बच्चू यादव भी कोर्ट में उपस्थित था। बच्चू यादव की ओर से अधिवक्ता अनिल कुमार और सुधीर प्रसाद कोर्ट में मौजूद थे। ईडी की ओर से विशेष लोक अभियोजक आतिश कुमार ने पक्ष रखा।
बच्चू यादव को पिछले दिनों ही अवैध खनन से जुड़े मनी लांड्रिंग केस में बेल मिली है। विजय हांसदा ने अपने आंशिक बयान में इस बात से इंकार किया है कि साहिबगंज में अवैध खनन उन्होंने की है और उन्हें किसी तरह की धमकी मिली है। पंकज मिश्रा, प्रेम प्रकाश, दाहू यादव और उसके पिता पशुपति नाथ भी इस केस में आरोपित हैं।

