
नई दिल्ली, 18 अगस्त । अर्थव्यवस्था के र्मोचे पर अच्छी खबर है। लगातार तीन हफ्तों तक गिरावट के बाद विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी हुई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 11 अगस्त को समाप्त हफ्ते में 70.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 602.161 अरब डॉलर रहा। इससे पिछले हफ्ते कुल विदेशी मुद्रा भंडार 2.42 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 601.45 अरब डॉलर रहा था।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि 11 अगस्त को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 70.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 602.161 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। इससे पिछले सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 2.42 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 601.45 अरब डॉलर रहा था। इस अवधि में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 99.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 534.39 अरब डॉलर हो गईं।
आरबीआई के मुताबिक इस दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 34 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 44.34 अरब डॉलर रह गया। आंकड़ों के अनुसार विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 5.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.32 अरब डॉलर हो गया। इस अविध में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास रखा देश का मुद्रा भंडार 20 लाख डॉलर घटकर 5.09 अरब डॉलर रह गया।
उल्लेखनीय है कि अक्टूबर, 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब अमेरिकी डॉलर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।

