
नई दिल्ली, 18 अगस्त । केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शनिवार को गुजरात की राजधानी गांधीनगर में जी-20 देशों के वित्त एवं स्वास्थ्य मंत्रियों की संयुक्त बैठक में शामिल होंगी। सीतारमण उसके बाद आईएफएससी गिफ्ट सिटी की कार्यप्रणाली की समीक्षा करेंगी।
वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि सीतारमण महात्मा मंदिर प्रदर्शनी और कन्वेंशन सेंटर में जी-20 देशों के वित्त एवं स्वास्थ्य मंत्रियों की संयुक्त बैठक में शामिल होंगी। मंत्रालय के मुताबिक वित्त और स्वास्थ्य की मंत्रिस्तरीय संयुक्त बैठक में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया भी भाग लेंगे।
मंत्रालय के मुताबिक सीतारमण गांधीनगर में आईएफएससी गिफ्ट सिटी का भी दौरा करेंगी और उसकी कार्यप्रणाली की समीक्षा करेंगी। इसके बाद वह केवड़िया में वित्त मंत्रालय के तीन दिवसीय चिंतन शिविर की अध्यक्षता करेंगी। यह चिंतन शिविर 20 से 22 अगस्त तक आयोजित किया गया है।

