
राजस्थान,15 दिसंबर | राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने अपने पद और गोपनीयता की शपथ ले ली है। प्रदेश के राज्यपाल कलराज मिश्र ने उन्हें शपथ दिलाई। इसके साथ ही दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा ने भी उप मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ ली। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेता उपस्थित रहे।
बता दें कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत भी उपस्थित रहे। इसे मौके पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अन्य नेता जयपुर में राजस्थान के मनोनीत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
सीएम भजन लाल शर्मा भरतपुर से आते हैं और काफी लंबे अरसे से संगठन में कार्यरत हैं। इससे पहले वे प्रदेश महामंत्री के तौर पर कार्य कर रहे थे। इस बार चुनाव में बीजेपी ने उन्हें जयपुर की सांगानेर सीट से चुनाव लड़ाया था, जहां उन्होंने जीत दर्ज की कर विधानसभा पहुंचे। खास बात ये है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ ही दोनों उप मुख्यमंत्री भी जयपुर से ही हैं।
गौरतलब है कि राजस्थान में विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है। पार्टी ने 199 सीटों में से 115 सीटों पर ऐतिहासिक जीत हासिल की है। बता दें कि राजस्थान में कुल 200 विधानसभा सीटें हैं, लेकिन चुनाव से ऐन पहले प्रदेश की करणपुर विधानसभा से कांग्रेस के विधायक की मृत्यु हो गई थी, जिस कारण से उस सीट पर चुनाव को कैसिल कर दिया गया।
(अमित चौबे अनमोल)

