
रांची, 03 अगस्त । रांची के जेल चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान सह संग्रहालय में झारखंड आदिवासी महोत्सव-2023 की तैयारी भव्य तरीके से चल रही है। विश्व आदिवासी दिवस (09 अगस्त) पर आयोजित किए जाने वाले दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों का गुरुवार को कल्याण विभाग के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का ने जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यक्रम स्थल, प्रदर्शनी, फूड कोर्ट, सेमिनार, पार्किंग, वीआईपी लाउंज, लाइट एंड साउंड शो तथा फिल्म फेस्टिवल के लिए चयनित स्थल, प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था आदि के लिए अधिकारियों एवं इवेंट मैनेजमेंट टीम आवश्यक दिशा निर्देश दिये। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान से प्रचार रथ भी रवाना किया गया।
इस मौके पर उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा, अपर सचिव, आदिवासी कल्याण अजय नाथ झा, टीआरआई निदेशक रणेन्द्र कुमार, निदेशक आईटीडीए सुधीर बाड़ा, जिला कल्याण पदाधिकारी, संगीता शरण, खूंटी डीपीआरओ सैयद राशिद अख्तर, डीपीआरओ रांची डॉक्टर प्रभात शंकर, इवेंट मैनेजमेंट टीम के सदस्य एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

