
रायपुर, 3 अगस्त । राजधानी रायपुर में तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। महादेव घाट से भाठागांव और काठाडीह को जोड़ने वाली सड़क में दो से तीन फीट तक पानी भरा हुआ है। इस वजह से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यहां कमर तक पानी भरा हुआ है। इस रास्ते से कई लोग बाइक, वाहन को पैदल ही लेकर रास्ता पार करते दिखे। सबसे ज्यादा परेशानी वाइट इटालिया कॉलोनी के रहवासियों और स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों, शिक्षकों को हो रही है। कई लोगों के वाहन खराब हो जा रहे हैं, तो कई धक्का मारते हुए हुए दिख रहे है, तो वहीं कोई इस परेशानी के लिए नगर निगम के जिम्मेदारों को कोस रहा है। इस सड़क से ज्यादातर लोग भाठागांव, महादेवघाट, रायपुरा, अम्लेश्वर, काठाडीह और नवा रायपुर के लिए आना-जाना करते हैं।
प्रदेश के कई नदी नाले उफान मार रहे हैं। निचले भागों में जलभराव की स्थिति है। सड़कों पर पानी के बहाव से लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। कई लोग रूट बदलकर आना-जाना कर रहे हैं। आज भी प्रदेश के अधिकांश जगहों पर हल्की बारिश और कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
महापौर को ज्ञापन
इस समस्या से नगर निगम महापौर एजाज ढेबर को अवगत कराया है। उन्हें ज्ञापन भी सौंपा है। इसके बाद भी स्थिति जस की तस है। नगर निगम ने अभी तक कोई सुध नहीं ली है। कालोनी के लोगों ने बताया कि मामले की शिकायत रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक बृजमोहन अग्रवाल से भी की है पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

