
ऊना से नशे के खिलाफ महाअभियान की राज्यपाल ने की शुरुआत, ब्रिस्क वॉक को दिखायी हरी झंडी
हिमाचल को नशामुक्त बनाना हम सबका दायित्व: शिव प्रताप शुक्ल
ऊना, 27 जून । राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने मंगलवार को ऊना जिले में नशे के खिलाफ हरोली से कांगड़ तक आयोजित ब्रिस्क वॉक को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी उपस्थित थे। राज्यपाल ने इस नयी पहल के साथ हरोली से करीब दो किलोमीटर तक पैदल यात्रा कर नशे के खिलाफ जनजागरण का संदेश दिया।
हरोली से कांगड़ तक आयोजित ब्रिस्क वॉक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हर वर्ग, विभाग तथा शिक्षण संस्थानों के लोगों व बच्चों ने भी भाग लिया। राज्यपाल शुक्ल ने कहा, ‘मुझे खुशी है कि मैं जिस भावना के साथ हिमाचल में नशे के खिलाफ अभियान चला रहा हूं, उसे शासन, प्रशासन और समाज के सभी वर्गों का समर्थन मिल रहा है। उपमुख्यमंत्री ने मेरे इस अभियान को और बल दिया है। मुझे विश्वास है कि अब हिमाचल नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने के मूड में है।’’
बाद में, ब्रिस्क वॉक के अंतिम पड़ाव कांगड़ में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने नशे के खिलाफ नयी पहल के साथ कार्यक्रम के आयोजन के लिए उपमुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल को नशामुक्त बनाना हम सबका दायित्व है। नशे के बुराई युवाओं के भविष्य से जुड़ी है। इस चुनौती से निपटने के लिए एकजुट होने का यह अभियान है। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भी उनसे देवभूमि में बढ़ते नशे को लेकर चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जेलों में करीब 3000 कैदी हैं, जिनमें से 40 प्रतिशत से अधिक कैदियों का संबंध ड्रग के अपराध से है। इस अवसर पर राज्यपाल ने नशे के खिलाफ एक हेल्पलाइन नंबर 94180-64444 और मुहिम को आगे बढ़ने संबंधी एक संदेश देता पोस्टर को भी जारी किया है।

