Skip to main content
Breaking News :
उत्तरकाशी सुरंग से निकाले गए प्रत्येक मजदूर को एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी राज्य सरकार राजस्थान में सुबह 9 बजे तक 9.77 फीसदी मतदान दर्ज किया गया पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हुए आत्मघाती विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 44 हुई मणिपुर वीडियो पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 182 अंक लुढ़का महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट सच्चे हिंदू नहीं हो सकते राहुल गांधी: गिरिराज सिंह राजस्थान सरकार के बर्खास्त मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा बोले- मंत्रियों विधायकों ने मारा, लाल डायरी छीन ली | उज्जैन: भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, आधी रात से लगी लम्बी कतारें | केंद्रीय गृहमंत्री ने बाढ़ की स्थिति को लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री से की बात |

भगवान महाकाल की चौथी सवारी आज, एक साथ चार रूपों में देंगे दर्शन

उज्जैन, 31 जुलाई । श्रावण-भादौ मास में निकलने वाली सवारियों के क्रम में आज श्रावण के चौथे सोमवार को विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल की चौथी सवारी धूमधाम से निकाली जाएगी। भगवान महाकाल एक साथ चार रूपों के श्रद्धालुओं को दर्शन होंगे। अवंतिकानाथ चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर, हाथी पर मनमहेश, गरुड़ रथ पर शिवतांडव तथा नंदी पर उमा महेश रूप में सवार होकर नगर का भ्रमण करेंगे और अपनी प्रजा का हाल जानेंगे।

महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने बताया कि सवारी निकलने के पूर्व मंदिर के सभामंडप में भगवान चन्द्रमौलेश्वर का विधिवत पूजन-अर्चन होगा। इसके बाद महाकालेश्वर मंदिर से शाम 4ः00 बजे शाही ठाठ बाट के साथ सवारी शुरू होगी। मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल के जवान पालकी में विराजे भगवान चंद्रमौलेश्वर को सलामी देंगे। इसके बाद भगवान चन्द्रमौलेश्वर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। इस दौरान हाथी पर मनमहेश, गरूड़ रथ पर शिवतांडव और नन्दी रथ पर उमा-महेश स्वरूप में भगवान अपने भक्तों को दर्शन देंगे।

सवारी परंपरागत मार्ग महाकाल चौराहा, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाडी से होती हुई रामघाट पहुंचेगी, जहां क्षिप्रा नदी के जल से भगवान का अभिषेक और पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके बाद सवारी रामानुजकोट, मोढ की धर्मशाला, कार्तिक चौक खाती का मंदिर, सत्यीनारायण मंदिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी बाजार से होती हुई पुन: महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेगी।

श्रावण मास होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में देश-विदेश से भक्त महाकाल दर्शन और महाकाल लोक देखने पहुंच रहे हैं। महाकाल मंदिर समिति द्वारा महाकाल सवारी के लिए सभी आवश्यक इंतजाम कर लिए गए हैं। भगवान महाकाल की सवारी का सजीव प्रसारण महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के फेसबुक पेज पर भी किया जाएगा।

भस्म आरती में भक्तों का सैलाबः महाकालेश्वर मंदिर में आज श्रावण के चौथे सोमवार भगवान महाकाल का विधि विधान से पूजन किया गया। तड़के बाबा महाकाल की भस्म आरती हुई, जिसमें श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के ढाई बजे मंदिर के कपाट खुलने के बाद सबसे पहले पंडित और पुरोहितों द्वारा राजाधिराज भगवान महाकाल को जल चढ़ाया गया, जिसके बाद उनकी विधि विधान से पूजा की गई। भस्म आरती से पहले भगवान महाकाल को दूध, दही, शहद, शक्कर और फलों के रस से स्नान कराया गया। इसके बाद भगवान का भांग, सूखे मेवे, अबीर, गुलाल और चंदन आदि से श्रृंगार किया गया। तत्पश्चात बाबा महाकाल की भव्य भस्म आरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आज दिन भर भगवान महाकाल का जलाभिषेक होगा।

error: Content is protected !!