Skip to main content
Breaking News :
उत्तरकाशी सुरंग से निकाले गए प्रत्येक मजदूर को एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी राज्य सरकार राजस्थान में सुबह 9 बजे तक 9.77 फीसदी मतदान दर्ज किया गया पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हुए आत्मघाती विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 44 हुई मणिपुर वीडियो पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 182 अंक लुढ़का महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट सच्चे हिंदू नहीं हो सकते राहुल गांधी: गिरिराज सिंह राजस्थान सरकार के बर्खास्त मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा बोले- मंत्रियों विधायकों ने मारा, लाल डायरी छीन ली | उज्जैन: भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, आधी रात से लगी लम्बी कतारें | केंद्रीय गृहमंत्री ने बाढ़ की स्थिति को लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री से की बात |

तीनों सेनाओं के लिए 7,800 करोड़ रुपये से खरीदे जाएंगे हथियार, केंद्र सरकार की मंजूरी

नई दिल्ली, 24 अगस्त । केंद्र सरकार ने भारतीय सशस्त्र बलों की परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए गुरुवार को लगभग 7,800 करोड़ रुपये मंजूर किये हैं। भारतीय वायु सेना की दक्षता बढ़ाने के लिए एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टरों पर इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर (ईडब्ल्यू) सुइट की खरीद को स्वीकृति दी गई है। सेना के लिए 7.62×51 मिमी लाइट मशीन गन (एलएमजी) खरीदने के प्रस्ताव को भी आगे बढ़ाया गया है। इसके अलावा भारतीय नौसेना के एमएच-60 आर हेलीकॉप्टरों की परिचालन क्षमता को बढ़ाने के लिए हथियारों की खरीद होनी है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई रक्षा अधिग्रहण परिषद (डीएसी) की बैठक में लगभग 7,800 करोड़ रुपये के पूंजी अधिग्रहण प्रस्तावों के लिए आवश्यकता की स्वीकृति (एओएन) दी गई। भारतीय वायु सेना की दक्षता बढ़ाने के लिए डीएसी ने भारतीय-आईडीडीएम श्रेणी के तहत एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टरों पर इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर (ईडब्ल्यू) सुइट की खरीद और स्थापना के लिए एओएन प्रदान किया है, जिससे इन हेलीकॉप्टरों की क्षमता और बेहतर होगी। ईडब्ल्यू सुइट भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) से खरीदा जाएगा।

डीएसी ने मशीनीकृत पैदल सेना और बख्तरबंद रेजिमेंटों के लिए ग्राउंड-आधारित स्वायत्त प्रणाली की खरीद के लिए एओएन भी प्रदान किया है, जो मानवरहित निगरानी, गोला-बारूद, ईंधन और पुर्जों की रसद डिलीवरी और युद्ध क्षेत्र में हताहतों की निकासी जैसे विभिन्न कार्यों को सक्षम करेगा। इसके अलावा भारतीय नौसेना के एमएच-60 आर हेलीकॉप्टरों की परिचालन क्षमता को बढ़ाने के मकसद से डीएसी ने हथियारों की खरीद के लिए एओएन प्रदान किया है।

भारतीय सेना के लिए 7.62×51 मिमी लाइट मशीन गन (एलएमजी) और ब्रिज लेइंग टैंक (बीएलटी) की खरीद के प्रस्ताव को भी डीएसी ने आगे बढ़ा दिया है। सेना में एलएमजी के शामिल होने से पैदल सेना बलों की लड़ने की क्षमता बढ़ेगी और बीएलटी के शामिल होने से सशस्त्र बलों की आवाजाही में तेजी आएगी। ‘प्रोजेक्ट शक्ति’ के तहत भारतीय सेना के लिए मजबूत लैपटॉप और टैबलेट की खरीद के लिए भी मंजूरी दी गई है। ये सभी खरीद केवल स्वदेशी विक्रेताओं से की जाएंगी।

error: Content is protected !!