
हिसार, 18 अगस्त । आदमपुर के विधायक भव्य बिश्नोई ने कहा है कि भगवान शिव शंकर देवों के देव है। उनकी कथा सुनना हर जीव के लिए लाभदायक है, फिर हम तो मनुष्य हैं और हमें भगवान शिव की कथा के लिए समय अवश्य निकालना चाहिए।
विधायक भव्य बिश्नोई शुक्रवार को जिले के सीसवाल गांव के शिव मंदिर में शुरू हुई शिव पुराण कथा के अवसर पर संबोधन दे रहे थे। उन्होंने शिव लिंग पर जलाभिषेक करके भगवान शिव की पूजा की ओर मंदिर कमेटी की ओर से करवाए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि पांच हजार साल पुराने महाशिव मंदिर की इस पवित्र स्थली के साथ भजनलाल परिवार का भावनात्मक जुड़ाव रहा है। बाद में उन्होंने कथा के शुभारंभ अवसर पर स्वामी राजेन्द्रानंद हरिद्वार वाले से आशीर्वाद लिया।
इससे पहले उन्होंने आदमपुर के एफजीएम कॉलेज का दौरा किया और छात्रों की समस्याएं सुनी। छात्र व छात्राओं के साथ उन्होंने विस्तार से चर्चा की। भव्य ने छात्रों को बताया कि कॉलेज में खेल स्टेडियम निर्माण के लिए प्रयासरत हैं और इसको लेकर विभाग के अधिकारियों से उनकी बातचीत जारी है। जल्द से जल्द खेल स्टेडियम का निर्माण होगा। विधायक ने हलके के आधा दर्जन गांवों में लोगों के सुख-दुख में शिरकत की तथा गांवों में जारी विकास कार्यों का जायज़ा लिया। इस दौरान एसडीएम जयवीर यादव, मंदिर कमेटी प्रधान घीसाराम जैन, दलीप बैनीवाल, सुनील राहड़, जयवीर गिल, विक्रांत बिश्नोई, विनोद ऐलावादी, भूपेन्द्र पनिहार, राजेश सुथार, सुक्रम तेलनवाली, प्रेम खिचड़, पवन सांवत, पालीराम सरपंच ढाणी सीसवाल सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।

