
लंदन, 06 अगस्त । राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के मौके पर रविवार को भारतीय मूल की सैकड़ों महिलाएं भारत के विभिन्न राज्यों की साड़ियां पहनकर मध्य लंदन की सड़कों पर निकलीं। ब्रिटिश वुमन इन साड़ी द्वारा समन्वित साड़ी वॉकेथॉन ट्रेफेलगर स्क्वायर से शुरू होकर पार्लियामेंट स्क्वायर पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर खत्म हुई।
गुजरात, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, केरल और दिल्ली सहित अन्य राज्यों का प्रतिनिधित्व करने वाली महिलाओं ने एक किलोमीटर लंबे मार्ग पर देशभक्ति के नारे लगाए और राष्ट्रगान के साथ वॉकेथॉन समाप्त किया।
केरल से संबंध रखने वाली एक समन्वयक डॉ हेमा संतोष ने कहा कि इस आंदोलन के राजदूत के रूप में हम आभारी महसूस करते हैं। हमने कलाकारों और बुनकरों को सुर्खियों में लाने और उनकी कला को एक मुकाम पर पहुंचाने के अपने शुरुआती प्रयासों में अपार सफलता हासिल की है और हर कोई उनके बारे में और अधिक जानने के लिए उत्सुक है।

