Skip to main content
Breaking News :
उत्तरकाशी सुरंग से निकाले गए प्रत्येक मजदूर को एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी राज्य सरकार राजस्थान में सुबह 9 बजे तक 9.77 फीसदी मतदान दर्ज किया गया पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हुए आत्मघाती विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 44 हुई मणिपुर वीडियो पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 182 अंक लुढ़का महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट सच्चे हिंदू नहीं हो सकते राहुल गांधी: गिरिराज सिंह राजस्थान सरकार के बर्खास्त मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा बोले- मंत्रियों विधायकों ने मारा, लाल डायरी छीन ली | उज्जैन: भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, आधी रात से लगी लम्बी कतारें | केंद्रीय गृहमंत्री ने बाढ़ की स्थिति को लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री से की बात |

डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ रुपया

नई दिल्ली, 17 अगस्त । शेयर बाजार में आई कमजोरी और निराशा के माहौल के बीच भारतीय मुद्रा में भी आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। आज की गिरावट के बाद रुपया डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ। आज दिनभर के कारोबार के बाद डॉलर के मुकाबले रुपया 20 पैसे की गिरावट के साथ 83.15 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ। इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय मुद्रा 82.95 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुई थी।

भारतीय मुद्रा ने आज सुबह डॉलर के मुकाबले 4 पैसे की कमजोरी के साथ 82.99 रुपये के स्तर से कारोबार की शुरुआत की थी। दिन के कारोबार के दौरान डॉलर की मांग बढ़ने पर रुपया लगातार कमजोर होता गया। डॉलर इंडेक्स की मजबूती के कारण आज रुपये की स्थिति में कभी भी सुधार के लक्षण नजर नहीं आए। आज के कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया गिरकर 83.19 के स्तर तक पहुंच गया था, लेकिन आखिरी वक्त में डॉलर की मांग में मामूली कमी आने की वजह से भारतीय मुद्रा निचले स्तर से कुछ सुधर कर 83.15 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुई।

आपको बता दें कि डॉलर इंडेक्स आज 103.60 से लेकर 103.46 के बीच ऊपर नीचे होता रहा है। ये इंडेक्स आज लगातार चौथे दिन 103 के स्तर पर बना हुआ है। सबसे बड़ी बात तो ये है कि पिछले 4 महीने के दौरान डॉलर इंडेक्स कभी भी 100 के स्तर से नीचे नहीं गया है, जिसकी वजह से रुपया समेत दूसरी सभी वैश्विक मुद्राओं पर लगातार दबाव बना हुआ है।

भारतीय मुद्रा के अलावा एशिया की दूसरी मुद्राएं भी आज डॉलर के मुकाबले कमजोरी के साथ कारोबार करती रहीं। सिंगापुर का डॉलर आज अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 0.13 प्रतिशत कमजोर हो गया। इसी तरह थाईलैंड की मुद्रा बात भी आज डॉलर के मुकाबले 0.21 प्रतिशत टूट गई। इसी तरह फिलीपीन्स की मुद्रा पेसो और चीन की मुद्रा रेन्मिन्बी में भी 0.21 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। डॉलर इंडेक्स की मजबूती के कारण आज सबसे ज्यादा 0.39 प्रतिशत की गिरावट मलेशिया की मुद्रा रिंग्गीत में दर्ज की गई, जबकि दक्षिण कोरियाई मुद्रा वॉन भी आज 0.35 प्रतिशत लुढ़क गई।

error: Content is protected !!