
हरिद्वार, 31 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) के प्रतिनिधिमंडल ने स्वामी अजरानन्द अंधविद्यालय में रक्षा सूत्र कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान सक्षम की जिला सह अध्यक्ष सोनिया अरोड़ा ने 60 नेत्रहीन दिव्यांग बच्चों को तिलक लगाकर राखी बांधी और सभी को बिस्कुट, चॉकलेट आदि उपहार स्वरूप प्रदान किए।
सोनिया अरोड़ा ने कहा कि सभी को दिव्यांगजनों के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करना चाहिए। जिला संरक्षक विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि सक्षम दिव्यांगजनों के हितों को लेकर लगातार सक्रिय है और रक्षासूत्र कार्यक्रम दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास का एक हिस्सा है।
सक्षम के जिलाध्यक्ष संदीप अरोड़ा ने कहा कि सक्षम के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार रक्षा सूत्र कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सक्षम के एजेंडे में शामिल छह पर्वों में मुख्य रूप से रक्षाबंधन कार्यक्रम महत्वपूर्ण है।
विद्यालय के प्रमुख स्वामी स्वयंमानंद और स्वामी विचित्रानंद ने सक्षम कार्यकर्ताओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सक्षम के प्रतिनिधि समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और दिव्यांग बच्चों को रक्षासूत्र बांधकर अनुकरणीय कार्य किया है।

