
पंजाब पुलिस ने लॉरेंस गैंग के गुर्गे को किया गिरफ़्तार, पिस्तौल बरामद
चंडीगढ़, 19 जुलाई । पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने बुधवार को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक सदस्य को गिरफ़्तार किया है। वह चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में लोगों से फिरौती वसूली का काम करता था। उसके पास से दो जिंदा कारतूस समेत एक देसी पिस्तौल भी बरामद किया गया है।
एसएसओसी के एआईजी अश्वनी कपूर ने बुधवार को बताया कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंधित होने का दावा करने वाले पटियाला के गांव घंगरोली निवासी कश्मीर सिंह उर्फ बोबी शूटर की तरफ से जबरन वसूली की कोशिशें और धमकी भरे फ़ोन कॉल संबंधी कई रिपोर्टों के बाद पुलिस टीमों ने मामले की जांच शुरू की। उन्होंने कहा कि एडवांस इंटेलिजेंस एकत्रित करके पुलिस ने बोबी को ज़िला खन्ना से पकड़ने में कामयाबी हासिल की। वह पेशे के तौर पर टैक्सी चालक है।
एआईजी कपूर ने बताया कि कश्मीर उर्फ बोबी चंडीगढ़, मोहाली और अन्य आसपास के इलाकों में नाइट क्लबों और बारों के मालिकों समेत अमीर व्यक्तियों को धमका कर जबरन वसूली करता था। उसके खिलाफ मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

