
डयूटी पर जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिजनों को मुख्यमंत्री ने सौंपे चेक
मुख्यमंत्री मान ने पीड़ित परिवारों को दो करोड़ के चेक सौंपे
बच्चों की शिक्षा के लिए अलग से चार-चार लाख के चेक भी दिए
चंडीगढ़, 3 जुलाई । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ड्यूटी निभाते सर्वोच्च बलिदान देने और दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मी के परिजनों को दो करोड़ रुपये के चेक सौंपे। इसके अलावा उनके बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने के लिए 12 लाख रुपये का भी चेक सौंपे।
सोमवार को मुख्यमंत्री मान ने जालंधर में ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले एएसआई संजीव कुमार के परिवार को एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने विभिन्न हादसों में जान गंवाने वाले एएसआई परनाम सिंह और एएसआई गुरलाल सिंह के परिजनों को 50-50 लाख रुपए के चेक सौंपे। दरअसल, एएसआई संजीव कुमार को जालंधर में वीवीआईपी के दौरे के दौरान वाहनों की चेकिंग के दौरान एक बोलेरो गाड़ी ने टक्कर मार दी थी। एएसआई परनाम सिंह और गुरलाल सिंह की भी विभिन्न दुर्घटनाओं में मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री इन परिवारों के तीन बच्चों की शिक्षा के लिए अलग से चार-चार लाख रुपये के भी चेक सौंपे।
इस मौके पर परिजनों को भरोसा दिलाते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि राज्य सरकार इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास राज्य में अमन-कानून कायम रखने और अपनी ड्यूटी निभाने के दौरान पुलिस मुलाजिमों के कीमती योगदान का सम्मान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पुलिसकर्मियों के परिवारों को वित्तीय सहायता राज्य सरकार की बहादुर सैनिकों और उनके परिवारों की भलाई को यकीनी बनाने की वचनबद्धता के अंतर्गत है। उन्होंने आशा व्यक्त की यह प्रयास एक तरफ़ पीड़ित परिवारों की मदद करने और दूसरी तरफ़ उनके भविष्य को सुरक्षित करने में सहायक सिद्ध होगा। इस मौके पर पुलिस पुलिस महानिदेशक गौरव यादव, स्पैशल डी. जी. पी. ईश्वर सिंह और अन्य भी मौजूद थे।

