
कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता कुंतल कृष्ण भाजपा में शामिल
जदयू लोकसभा चुनाव में हाफ और विधान सभा 2025 में पूरी तरह हो जायेगी साफ : सम्राट चौधरी
पटना, 19 जून । कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता कुंतल कृष्ण सोमवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। भाजपा के प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित मिलन समारोह में उन्हें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करायी। कुंतल कृष्ण के साथ अन्य नेता भी आज भाजपा में शामिल हुए।कुंतल कृष्ण ने दो दिन पहले कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था।
मौके पर सदस्यता ग्रहण कराने के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने जदयू पर हमला बोलते हुए कहा जदयू लोकसभा चुनाव में हाफ और विधान सभा 2025 में पूरी तरह साफ हो जायेगी। उन्होंने कहा बिहार की आवाम बदलाव चाहती है। लोकसभा चुनाव 2024 और विधान सभा 2025 में भाजपा की सरकार बनेगी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बिहार आगमन पर उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश कुमार एनडीए से अलग हुए तब उन्हें सपना दिखाया गया था कि पीएम बनेंगे। महागठबंधन में पीएम का सपना देखने का आदेश नहीं है। वह सरकार में एक कठपुतली बनकर रह गये है।नीतीश कुमार लोकसभा चुनाव 2024 में एक भी सीट नहीं जीतेंगे। बिहार में सुशासन के सवाल पर कहा कि 2005 से 2013 तक बिहार में सरकार चली। उसके बाद नीतीश कुमार कुर्सी बचाते रहें हैं।

