सर्राफा बाजार- सोने चांदी की फीकी पड़ी चमक, चांदी में 996 रुपये की गिरावट
नई दिल्ली, 14 जून । सप्ताह के तीसरे दिन भी घरेलू सर्राफा बाजार में गिरावट का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार में सोना और चांदी दोनों चमकीली धातुएं एक बार फिर गिरावट के साथ ट्रेड करती नजर आईं। सर्राफा बाजार में आज की कमजोरी के कारण सोना ने प्रति 10 ग्राम 509 रुपये की नरमी दिखाई। इसी तरह चांदी की कीमत में भी आज प्रति किलोग्राम करीब 1,000 रुपये की कमजोरी दर्ज की गई। बाजार में आई गिरावट के कारण सोना आज के कारोबार में 59,347 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच कर कारोबार करने लगा। इसी तरह चांदी भी आज लुढ़क कर 73 हजार रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर से नीचे चला गया।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को सोना का अंतिम बंद भाव 59,856 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा था। आज के कारोबार में इस चमकीली धातु में प्रति 10 ग्राम 509 रुपये की नरमी दर्ज की गई, जिससे सोना फिसल कर 59,347 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर तक पहुंच गया। अलग-अलग श्रेणियों में सोने ने आज 509 रुपये प्रति 10 ग्राम से लेकर 298 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की कमजोरी दिखाई।
इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक घरेलू सर्राफा बाजार में आज कारोबारी सोना यानी 24 कैरेट (999) सोने की औसत कीमत 509 रुपये की नरमी के साथ गिर कर 59,347 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) हो गई। इसी तरह 23 कैरेट (995) सोने की कीमत भी 507 रुपये की कमजोरी के साथ 59,109 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) हो गई। जेवराती यानी 22 कैरेट (916) सोने की कीमत में आज 466 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही 22 कैरेट सोना 54,362 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा 18 कैरेट (750) सोने की कीमत आज प्रति 10 ग्राम 382 रुपये गिर कर 44,510 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गई। 14 कैरेट (585) सोना आज 298 रुपये सस्ता होकर 34,718 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गया।
सोने की तरह ही चांदी की कीमत में भी आज कमजोरी का रुख नजर आया। आज के कारोबार में चांदी (999) की कीमत में 996 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट दर्ज की गई। आज की नरमी के कारण इस चमकीली धातु की कीमत पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार के आखिरी बंद भाव 73,169 रुपये प्रति किलोग्राम से फिसल कर 72,173 रुपये प्रति किलोग्राम (अस्थाई) के स्तर पर आ गई।
जानकारों का मानना है कि अमेरिका समेत वैश्विक अर्थव्यवस्था में लगातार जारी उथल पुथल के कारण वर्ल्ड गोल्ड मार्केट भी दबाव की स्थिति में काम कर रहा है। वर्ल्ड गोल्ड मार्केट में होने वाले उतार चढ़ाव का असर भारतीय बाजार पर भी स्वाभाविक रूप से पड़ता है। ऐसे में मौजूदा समय में भारतीय बाजार में भी लगातार अस्थिरता बने रहने की संभावना है। इसलिए फिलहाल छोटे और खुदरा निवेशकों को बाजार में बड़ा निवेश करने की जगह फिलहाल हर बड़ी गिरावट पर छोटे छोटे निवेश करने की नीति अपनानी चाहिए।

