
लखनऊ, 15 अगस्त । उत्तर प्रदेश में दो दिन में 36 करोड़ 15 लाख 98 हजार 954 पौधे लगाए गए। इनमें से स्वतन्त्रता दिवस को 5 करोड़ 94 लाख 47, 384 पौधे और 22 जुलाई को 30,21,51,570 लगाए गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में 22 जुलाई व 15 अगस्त को व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण महाभियान 2023 चलाया गया। योगी ने 22 जुलाई को बिजनौर और मुजफ्फरनगर में गंगा किनारे पौधरोपण कर इस महाभियान का शुभारंभ किया था, जबकि 15 अगस्त को अमृत वाटिका, गोमती तट (झूलेलाल वाटिका के निकट) लखनऊ में पौधरोपण किया। 15 अगस्त को शाम 5:30 बजे तक 5 करोड़, 94 लाख 47 हजार 384 पौधे यूपी में रोप गए। यानी दो दिन में कुल 36 करोड़ 15 लाख 98 हजार 954 पौधे रोपे गए।
इस अभिनंदनीय योगदान के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संगठनों तथा शासन-प्रशासन सहित प्रदेश वासियों के प्रति अभिनंदन भी जताया।

