
नई दिल्ली, 28 जुलाई । दिल्ली में वेक्टर जनित बीमारियों (डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया) से बचाव व रोकथाम को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान डेंगू को लेकर हेल्पलाइन 1031 जारी करने के साथ कई अहम निर्णय लिए गए। दिल्ली सचिवालय में हुई बैठक में स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज और एमसीडी की मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय के साथ स्वास्थ्य विभाग, एमसीडी, एनडीएमसी, दिल्ली कैंट, दिल्ली जल बोर्ड, सिंचाई विभाग समेत अन्य विभागों के अफसर मौजूद थे।
उधर, स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने पत्रकार वार्ता कर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा डेंगू से निपटने की तैयारियां को लेकर की गई समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों की विस्तार से जानकारी दी।
स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस बार हमने दिल्ली में मच्छर जनित बीमारियों के चल रहे ट्रेंड की जिनोम सिक्वेंसिंग कराई है। इसमें पाया गया है कि 20 सैंपल में से 19 सैंपल टाइप टू डेंगू के हैं। टाइप टू डेंगू में खतरा ज्यादा रहता है। चूंकि ज्यादातर केस टाइप टू के निकले हैं, इसलिए ये कहा जा सकता है कि दिल्ली में दो स्टेन नहीं है, बल्कि एक ही स्टेन है, जो फैला हुआ है। जिसकी वजह से बीमारी बहुत ज्यादा गंभीर नहीं होती है। फिर भी हमें इसे लेकर सतर्कता बरतने में कोई कमी नहीं करनी है। खासतौर पर स्कूली बच्चों में एहतियात बरतने के लिए कहा गया है।

