
भोपाल, 2 सितंबर । मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा प्रदेश में विभिन्न स्थानों से पांच जनआशीर्वाद यात्राएं निकालने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार, 03 सितंबर को चित्रकूट से प्रारंभ हो रही पहली जन आशीर्वाद यात्रा का हरी झंडी दिखाकर शुभारम्भ करेंगे। पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यात्रा को रवाना करने वाले थे, लेकिन अपरिहार्य कारणों से अब वे इस कार्यक्रम में नहीं आ रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को मध्य प्रदेश के एक दिवसीय प्रवास पर सतना में रहेंगे। वे यहां पार्टी के राज्यव्यापी कार्यक्रम जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारम्भ करेंगे। नड्डा रविवार सुबह 10.25 बजे खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे सतना के लिए रवाना होंगे। वे पूर्वान्ह 11.10 बजे सतना के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध भगवान कामतानाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और दोपहर 12.10 बजे मझगवां से भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वे इस अवसर पर आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रदेश में भाजपा सरकार के 18 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को राज्य में जन-जन तक पहुंचाने और कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश करने के लिए पार्टी दावारा जन आशीर्वाद यात्राएं निकाल रही है। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से पांच जन आशीर्वाद यात्राएं निकलेंगी, जिनमें पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे और जनता को बताया जाएगा कि केंद्र और राज्य सरकार ने उनके लिए क्या किया है। यह यात्राएं 25 सितंबर तक 10 हजार किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर राज्य के सभी विधानसभाओं को कवर करेगी।
चित्रकूट से रविवार को शुरू होने वाली जन आशीर्वाद यात्रा 19 दिनों में करीब 2345 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस दौरान यह यात्रा 12 जिलों की 48 विधानसभाओं से होकर गुजरेगी। यात्रा का 311 स्थानों पर स्वागत होगा। यात्रा के दौरान पार्टी नेता 100 से अधिक रथ सभाओं एवं 44 मंचीय सभाओं को संबोधित करेंगे।

