
बिजनौर, 05 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही मिशन 2024 को पूरा करते हुए प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटें जीतकर पार्टी इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी का मेरुदंड है और कार्यकर्ता के मनोबल, निष्ठा पूर्ण भाव, अथक परिश्रम तथा वैचारिक प्रतिबद्धता से ही भाजपा प्रत्येक चुनाव जीतती है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) जिला भाजपा कार्यालय बिजनौर में आयोजित लोकसभा प्रवास बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल भी उपस्थित रहे। धर्मपाल सिंह ने आगामी लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत बैठक में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा निर्देश देकर विजय रणनीति पर चर्चा की।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सेवा, सुशासन तथा गरीब कल्याण को समर्पित 9 वर्ष की उपलब्धियां तथा पार्टी कार्यकर्ताओं का परिश्रम भाजपा की बड़ी विजय का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि विश्व में बढ़ती भारत की शक्ति, आर्थिक, सांस्कृतिक व सामरिक रूप से सशक्त होते भारत की गाथा प्रत्येक जन तक पहुंचाने का कार्य अनवरत रूप से करना है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार की सशक्त कानून व्यवस्था तथा अंत्योदय के लक्ष्य को पूर्ण करती जनकल्याणकारी योजनाएं हमारी चर्चाओं में सम्मिलित होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर प्रत्येक बूथ को मजबूत करने की रणनीति पर कार्य करना है और पन्ना प्रमुखों के साथ संवाद करते डोर-टू-डोर सम्पर्क, संवाद तथा 100 प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करने का काम भी करना है।

