
भोपाल, 18 अगस्त । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार, 20 अगस्त को मध्य प्रदेश के एक दिवसीय प्रवास पर आएंगे। वे यहां राजधानी भोपाल में शिवराज सिंह चौहान सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी करेंगे। इसमें शिवराज सरकार द्वारा किए गए कार्यों का लेखा-जोखा रहेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा सहित मंत्री और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी क्रांतिदीप अलूने ने शुक्रवार को बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 अगस्त को भोपाल एवं ग्वालियर प्रवास पर रहेंगे। राज्य शासन ने प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को केन्द्रीय गृह मंत्री की भोपाल में अगवानी के लिये मिनिस्टर-इन-वेटिंग नामित किया है। डॉ. मिश्रा 20 अगस्त को केन्द्रीय गृह मंत्री की अगवानी करेंगे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री चौहान ने पिछले दिनों कहा था कि हम जनता के सामने अपने कामों का रिपोर्ट कार्ड रखेंगे। इसको लेकर सभी विभागों से 2003 के बाद से लेकर अब तक किए गए कार्यों का लेखा-जोखा तैयार करवाया गया है। रिपोर्ट कार्ड में महिला, युवा, किसान सहित अन्य वर्गों के उत्थान के लिए किए गए कार्य को विस्तार से जनता के सामने रखा जाएगा। साथ ही यह भी बताया जाएगा कि भाजपा सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से प्रदेश आज विकास की मुख्यधारा में आ चुका है। अधोसंरचना विकास के लिए पूंजीगत व बढ़ाया गया तो निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए कई नीतिगत परिवर्तन किए गए हैं।
ग्वालियर में होगी भाजपा कार्यसमिति की बैठक
वहीं, मध्य प्रदेश भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 20 अगस्त को ग्वालियर में होगी। बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मप्र चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश के चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव और अश्विनी वैष्णव शामिल होंगे। शाह के सुझाव पर होने वाली इस बैठक में भाजपा के लगभग डेढ़ हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। सभी विधायक-सांसद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को भी कार्यसमिति की बैठक में आमंत्रित किया गया है।

