
इंदौर, 14 अगस्त । इंदौर जिले के ग्रामीण क्षेत्र की महिला सीताबाई नई दिल्ली के लाल किले पर आयोजित देश के स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में विशेष आमंत्रण पर शामिल होंगी। इसके लिये वे इंदौर से रवाना हो चुकी हैं। उल्लेखनीय है कि सीताबाई इंदौर जिले के देपालपुर के एक छोटे गांव झलारिया की निवासी हैं। यह जानकारी सोमवार को जनसम्पर्क अधिकारी महिपाल अजय ने दी।
उन्होंने बताया कि सीताबाई जल जीवन मिशन के अन्तर्गत नल-जल योजना के रखरखाव और उसके संचालन का कार्य करती हैं। सीताबाई और एक अन्य महिला का चयन मध्यप्रदेश से किया गया है। उक्त दोनों महिलाएं 15 अगस्त को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होंगी। इस समारोह में शामिल होने के लिए सीताबाई को केन्द्र सरकार से निमंत्रण पत्र भी प्राप्त हुआ है। सीताबाई का राष्ट्र के इस बड़े समारोह में बुलावे पर शामिल होना महिला सशक्तिकरण और नारी शक्ति के सम्मान का बड़ा उदाहरण है। सीताबाई को आमंत्रण मिलने से गांव तथा पूरे जिले में खुशी का माहौल है।

