
मुंबई, 06 सितंबर । पालघर जिले के वसई में मुंबई-अहमदाबाद हाई-वे पर बुधवार को सुबह एक कार और ट्रक के बीच हुई टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है।
पुलिस के अनुसार आज सुबह मुंबई से एक कार गुजरात की ओर जा रही थी। अचानक वसई के सातीवली में बजरंग होटल के पास कार चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। इससे कार डिवाइडर से टकरा कर मुंबई की ओर आ रहे ट्रक से टकरा गई। इस घटना में कार में सफर कर रहे तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। वसई पुलिस की टीम मृतकों और घायलों की शिनाख्त कर रही है।

