
मनोहर हत्याकांड मामले की एनआईए जांच करवाए सुक्खू सरकार: जयराम ठाकुर
शिमला, 18 जून । हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के सलूणी उपमण्डल में दलित युवक मनोहर की हत्या के मामले को लेकर सियासत गरमा गई है। मुख्य विपक्षी दल भाजपा इस मुद्दे पर लगातार सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार की घेराबंदी कर रहा है।
रविवार को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस मामले की एनआईए से जांच करवाने की मांग फिर दोहराई है। रविवार को प्रदेश भाजपा व्योपार प्रकोष्ठ के कार्यक्रम में जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू खुलेआम कहते हैं कि कांग्रेस ने हिमाचल में 97 प्रतिशत हिंदुओं को हराया है। उसका परिणाम सामने हैं।
चम्बा में युवक को आठ टुकड़ों में काट कर फेंक दिया जाता है। हमारी पार्टी ने एनआईए जांच की मांग की है। सरकार मामले की एनआईए जांच करवाए। ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार पूछ रहे हैं कि भाजपा विरोध क्यों कर रही है, हिमाचल में क्राइम हुआ है तो हम विरोध भी ना करें। डीजीपी छुट्टी पर है पर डीजीपी का चार्ज किसको दिया पता है। पुलिस के अधिकारी राजनीतिक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में हर काम में पारदर्शिता आई है। किसी भी काम में एक पैसे की शिकायत आज तक नहीं आई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं जिनपर देश के लोग सबसे ज्यादा भरोसा करते हैं।
आने वाले लोकसभा चुनाव में देश की जनता फिर से प्रधानमंत्री को भारी बहुमत से तीसरी बार सेवा का अवसर देगी। ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में देश में ऐतिहासिक प्रगति हुई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से हिमाचल प्रदेश भी इस विकास में कंधे से कंधा मिलाकर चला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दायित्व सम्भालने के बाद जब जापान गये तो उन्होंने भारत में भी बुलेट ट्रेन चलाने का सपना देखा। आज भारत में 20 से ज़्यादा हाई स्पीड बुलेट ट्रेन चल रही हैं।

