
मंडी में सोर्टिंग से लेकर पैकेजिंग तक जापान की तकनीक अपनाएगा हरियाणा
कृषि मंत्री के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जापान में है प्रवास पर
मंत्री दलाल ने टोक्यो शहर की सब्जी व फल मंडी का किया दौरा
चंडीगढ़, 24 जुलाई । हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल अधिकारियों व किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ सात दिवसीय प्रवास पर जापान में हैं। अपने दौरे के पहले दिन मंत्री दलाल ने जापान के टोक्यो शहर की सब्जी-फल मंडी का दौरा किया। उन्होंने यहां मंडी में उत्पादों की सोर्टिंग, ब्रांडिंग और पैकेजिंग के बारे में जानकारी की।
इस मौके पर दलाल ने बताया कि इस मंडी में अधिकतर काम मशीनों से किया जाता है और उत्पाद की गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाता है। यह जापान की सबसे बड़ी मार्केट है, यहां लगभग 17-18 हजार करोड़ रुपये सालाना का कारोबार होता है। मंडी में स्वच्छता का भी पूरा ध्यान रखा जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने वर्ष 2023 तक बागवानी क्षेत्र को 22 लाख एकड़ करने व उत्पादन को तीन गुणा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
कृषि मंत्री के साथ गए प्रतिनिधिमंडल में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव के.मकरंद पांडुरंग, बागवानी विभाग के महानिदेशक डॉ अर्जुन सिंह सैनी, संयुक्त निदेशक डॉ.जोगेंद्र सिंह व पद्मश्री किसान कमल सिंह चौहान, लोहारू विधानसभा क्षेत्र से प्रगतिशील किसान अमित कुमार शामिल हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार निरंतर बागवानी फसलों को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित कर रही है, ताकि किसान परंपरागत फसलों की खेती को छोड़कर फसल विविधीकरण की ओर बढ़ें। इसके लिए राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं में सब्सिडी भी प्रदान कर रही है। इतना ही नहीं, प्रदेश में फल, फूल, सब्जियों के लिए अलग से मंडियां बना रही हैं। अभी हाल ही में सोनीपत के गन्नौर में इंडिया इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर मार्केट का शिलान्यास किया गया है, इस मार्केट के बनने से किसान न केवल देशभर में बल्कि विदेशों में अभी अपने उपज व उत्पाद सीधे बेच सकेंगे।

