
जयपुर, 04 अगस्त । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की जयपुर इकाई ने जयपुर हैरिटेज नगर निगम की मेयर मुनेश गुर्जर के पति सुशील गुर्जर और दलाल नारायण सिंह व अनिल दुबे को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक हेमन्त प्रियदर्शी ने बताया कि एसीबी की स्पेशल इन्वेटिगेशन विंग जयपुर इकाई ने यह कार्रवाई परिवादी की शिकायत पर की। परिवादी ने शिकायत में बताया कि उसके द्वारा आवेदित पट्टे की फाइल में पट्टा जारी करने की एवज में जयपुर हैरिटेज मेयर मुनेश गुर्जर के पति सुशील गुर्जर दलाल नारायण सिंह व अनिल दुबे (प्राईवेट व्यक्ति) के माध्यम से दो लाख रुपये रिश्वत राशि मांग रहे हैं और उसे परेशान किया जा रहा है।
शिकायत पर एसीबी, जयपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस रणधीर सिंह के सुपरवीजन में शिकायत का सत्यापन किया गया। इसके बाद शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ललित शर्मा एस.आई.डब्ल्यू जयपुर, विशनाराम इन्टेलिजेंस जयपुर और बलराम सिंह मीणा जयपुर नगर चतुर्थ की संयुक्त टीमों के द्वारा मय ट्रेपकर्ता पुलिस निरीक्षक सज्जन सिंह और टीम के साथ ट्रेप कार्रवाई करते हुए दलाल नारायण सिंह निवासी 55ए, नेहरू नगर, हटवाड़ा रोड़, जयपुर को परिवादी से दो लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। प्रकरण में संलिप्तता के आधार पर आरोपी सुशील गुर्जर निवासी ए-3, आदर्श कॉलोनी, शक्तिनगर, हटवाड़ा रोड़, हसनपुरा, जयपुर और अनिल दुबे निवासी 173, शक्तिनगर, हटवाड़ा रोड़, हसनपुरा, जयपुर को भी गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी सुशील मेयर पति के निवास निवास की तलाशी में 40 लाख रुपये से अधिक नगदी बरामद हुई है। परिवादी के पट्टे की फाइल भी आरोपी सुशील गुर्जर मेयर पति के निवास से बरामद की गई है। आरोपी दलाल नारायण सिंह के निवास की तलाशी में आठ लाख रुपये से अधिक नगद राशि बरामद की गई है। आरोपियों के आवास एवं ठिकानों पर एसीबी की विभिन्न टीमों द्वारा तलाशी अभियान जारी है। वहीं एसीबी की एक टीम जयपुर हेरिटेज नगर निगम मुख्यालय पहुंची है। निगम मुख्यालय के दोनों गेट बंद करवा दिए गए।
एसीबी के उप महानिरीक्षक पुलिस रणधीर सिंह के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।

