
धमतरी,14 अगस्त ।स्वतंत्रता दिवस को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। ध्वजारोहण के लिए शहर एवं गांवों में तैयारी पूरी हो गई है। 15 अगस्त के दिन जिला प्रशासन के मुख्य समारोह के लिए खेल मैदान सजकर तैयार है। वहीं आज सुबह से मुख्य समारोह स्थल, कलेक्ट्रेट, जिला पंचायत, कंपोजिट बिल्डिंग, एसपी कार्यालय, सभी स्कूल, कालेज, ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी, थाना, शहर व गांवों के चौक-चौराहों पर स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां लगभग पूरी है।
आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह से चहूंओर देशभक्ति का माहौल रहेगा। शहर व गांवों में जगह-जगह ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां लगभग पूरी है। शहर के मुख्य समारोह के लिए जिला प्रशासन की ओर से खेल मैदान धमतरी को आकर्षक सजाया गया है, क्योंकि यह मुख्य समारोह स्थल है। जिले में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह 15 अगस्त को स्थानीय डा शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा।
विधायक सिहावा एवं उपाध्यक्ष मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण (राज्य मंत्री दर्जा) डॉ लक्ष्मी ध्रुव द्वारा समारोह स्थल में बतौर मुख्य अतिथि सुबह ठीक नौ बजे ध्वजारोहण किया जाएगा और सुबह 9.02 बजे राष्ट्रगान होगा। इसके बाद 9.05 बजे परेड का निरीक्षण और 9.15 बजे मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा। सुबह 9.30 बजे हर्षफायर, 9.35 बजे गुब्बारा उड़ान, 9.40 बजे मार्चपास्ट एवं सलामी, 10 बजे समारोह में शहीद परिवारों को शाल और श्रीफल से सम्मानित किया जाएगा। सुबह 10.10 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम और 11 बजे पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा। नगर निगम कार्यालय धमतरी में महापौर विजय देवांगन ध्वजारोहण करेंगे। कांग्रेस भवन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष शरद लोहाना, कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी, एसपी कार्यालय में एसपी प्रशांत ठाकुर, जिला पंचायत कार्यालय में जिला पंचायत सीईओ रोक्तिमा यादव समेत अन्य शासकीय कार्यालयों में जवाबदार अधिकारी ध्वजारोहण करेंगे।
ध्वज स्थल सजकर तैयार
कलेक्ट्रेट कार्यालय, कंपोजिट बिल्डिंग, जिला पंचायत कार्यालय, एसपी कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग कार्यालय भवन समेत अन्य शासकीय कार्यालयों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आकर्षक डेकोरेशन कर सजाया गया है। रात में सभी भवन दूधिया रोशनी से जगमगाएंगे। वहीं ध्वज स्थल की साफ-सफाई कर सजाया गया है। इसके अलावा सभी स्कूल, कालेज, ग्राम पंचायत, आंगनबाड़ी, गांव के चौक-चौराहों समेत सभी जगह सुबह से तिरंगा झंडा फहराने के लिए सजाया गया है। मुख्य समारोह स्थल, स्कूल, कालेजों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी पूरी है।

