
नदिया/उत्तर 24 परगना, 03 सितंबर । दक्षिण बंगाल सीमांत के अंतर्गत सीमा चौकी विजयपुर, 32वीं वाहिनी के जवानों और राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई), कोलकाता की टीम ने संयुक्त कार्रवाई के तहत सोने की एक बड़ी तस्करी को नाकाम कर दिया। टीम ने पुख्ता खबर के आधार पर संयुक्त तलाशी अभियान में गांव विजयपुर में एक घर से सोने के कुल 106 बिस्कुट जब्त किए तथा दो तस्करों को मौके पर ही दबोच लिया।
उल्लेखनीय है कि राजस्व खुफिया निदेशालय, कोलकाता को सीमावर्ती इलाके में स्थित गांव विजयपुर में किसी के घर में सोना छुपाए जाने की पुख्ता खबर मिली। विभाग ने इसकी खबर बीएसएफ के अधिकारियों से भी साझा की। तत्पश्चात, खबर मिलते ही बीएसएफ की एक टुकड़ी कंपनी कमांडर की अगुवाई में सीमावर्ती गांव विजयपुर पहुंची। इधर, डीआरआई की टीम भी मौके पर पहुंच गई। दोनों एजेंसियों की टीम ने संयुक्त रूप से संदिग्ध घर में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान घर का मालिक रबिंद्र नाथ बिस्वास भी मौके पर उपस्थित था।
टीम ने एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद घर के अंदर कूड़े के ढेर में कपड़े से लिपटी दो थैलियां बरामद की। थैलियों को खोलने पर उनमें अलग–अलग आकार के कुल 106 सोने के बिस्कुट बरामद किए। जब्त सोने के बिस्कुटों का कुल वजन 14.296 किलो है और जिसकी भारतीय बाजार में अनुमानित कीमत 8.50करोड़ रुपये है।
पकड़े गए तस्करों की पहचान रबिंद्र नाथ बिस्वास, पिता का नाम दिवंगत परितोष बिस्वास और विधान घोष, पिता का नाम सिंधु घोष है। दोनों तस्कर गांव विजयपुर के रहने वाले हैं।
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान दोनों तस्करों ने बताया कि उन्होंने आज सुबह यह सोना बांग्लादेश के नस्तीपुर गांव के रहने वाले मसूद और नसीफ नाम के तस्करों से लिया था। इसके बाद यह सोना गेदे गांव के रहने वाले संतोष हल्दर को गांव विजयपुर की झील के पास सौंपना था। लेकिन बीएसएफ जवानों की सतर्कता को देखते हुए उन्होंने इस सोने को अपने घर में छिपा लिया।
पकड़े गए तस्करों को जब्त सोने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु डीआरआई की टीम को सौंप दिया गया है।
उधर, एक और अन्य घटना में सीमा चौकी हाकीमपुर, 112वीं वाहिनी के जवानों ने पेट्रोलिंग के दौरान सीमा रोड़ पर पड़ा एक सोने का बिस्कुट बरामद किया। सीमा पर लगे गुप्त कैमरों से तस्कर की पहचान की जा रही है। जब्त सोने के बिस्कुट का वजन 116.580 ग्राम है और जिसकी अनुमानित कीमत सात लाख 10 हजार 986 है। जब्त सोने के बिस्कुट को कस्टम विभाग, टेंटूलिया को सौंप दिया गया।
बीएसएफ, दक्षिण बंगाल सीमांत के जनसंपर्क अधिकारी ने जवानों की इस उपलब्धि पर खुशी जतायी है। उन्होंने कहा कि तस्करों की हर नापाक हरकतों पर बीएसएफ ने शिकंजा कस दिया है। अधिकारी ने कहा कि यह ऑपरेशन बीएसएफ और राजस्व खुफिया निदेशालय, कोलकाता के संयुक्त प्रयासों से सफल हो पाया है। वो सीमा पर रहने वाले लोगों से आह्वान करते हैं कि उनके संज्ञान में सोने की तस्करी से संबंधित कोई भी सूचना मिलती है तो वे बीएसएफ की सीमा साथी हेल्प लाइन नंबर 14419 पर इसकी सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा दक्षिण बंगाल सीमांत ने एक अन्य न. 9903472227 भी जारी किया जिस पर सोने की तस्करी से संबंधित व्हाप्ट्स संदेश या वाइस संदेश भी भेज सकते हैं। पुख्ता सूचना देने वाले को उचित इनाम राशि दी जाएगी और उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

