
शिमला, 17 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा है कि आपदा की इस घड़ी में भाजपा पूरी तरह समाज के साथ खड़ी है और सेवा कार्य में जुटी है।
राजीव बिंदल ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की। इस दौरान हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से उत्पन्न परिस्थितियों के मद्देनजर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। राजीव बिंदल ने सभी जिलाध्यक्षों एवं मण्डल अध्यक्षों को यह दिशा-निर्देश दिए कि आपदा की घड़ी में समाज की सेवा में जुट जाएं और प्रभावितों की हर संभव सहायता करें।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने इस बैठक का समापन किया। सिंह ने पार्टी कार्यकर्ता से आपदा की इस घड़ी में समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होने और सेवा में जुट जाने का आह्वान किया। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टण्डन, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा कोर ग्रुप, प्रदेश पदाधिकारी, संसदीय क्षेत्र के प्रभारी, सह प्रभारी सभी प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए।

