
आम महोत्सव में 3 लाख किलो बिका बगैर रसायन का पकाया केसर आम
-एक महीने तक चला केसर आम महोत्सव, प्राकृतिक रूप से पकाए आम की मांग अधिक
-किसानों को 30 से 35 फीसदी आवक बढ़ी, 16 साल से हो रहा आयोजन
अहमदाबाद, 26 जून । प्राकृतिक खेती के जरिए किसानों की आय दोगुनी करने के केन्द्र और राज्य सरकार के लक्ष्य के तहत अहमदाबाद में आम महोत्सव मनाया गया। खेती के खर्च घटाने और उपज की अधिक कीमत के लिए किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए सरकार प्रोत्साहित कर रही है। इसी के तहत अहमदाबाद में एक महीने तक प्राकृतिक उपायों से पकाए गए केसर आम की बिक्री की गई। इसमें एक महीने के दौरान 83 स्टॉल के जरिए 58 किसान समूह, 15 नेचुरल फार्मिंग एफपीओ, 5 सीबीबीओ और 4 सहकारी मंडली की ओर से कार्बाइड फ्री केसर आम बेचा गया।
शहर के लोगों को कार्बाइड फ्री आम उपलब्ध कराने और किसानों को उनकी उपज का अधिक से अधिक भाव दिलाने के उद्देश्य से राज्य सरकार 2007 से गर्मी के मौसम में केसर आम महोत्सव मनाती आ रही है। इस साल भी अहमदाबाद हाट में कृषि मंत्री राघवजी पटेल ने 18 मई को केसर महोत्सव-2023 का आरंभ कराया था। इस साल अहमदाबाद के लोगों ने कार्बाइड फ्री आर्गेनिक केसर आम में काफी दिलचस्पी दिखाई। पिछले साल महोत्सव में 92 हजार किलो केसर आम की बिक्री हुई थी। इस साल इससे दोगुने से अधिक 2.94 लाख किलो केसर आम की बिक्री हुई।
गुजरात में बहुत हैं केसर आम के चाहने वाले
गुजरात का केसर आम विश्वविख्यात है। गिर सोमनाथ, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर, कच्छ समेत दक्षिण गुजरात के केसर आम की विदेश में खूब मांग है। इस क्षेत्र में पिछले कुछ सालों में केसर आम के बाग लगाए गए हैं। केसर आम का उत्पादन करने वाले किसानों से कार्बाइड फ्री आम लोग सीधे खरीद सकें, इस उद्देश्य से केसर आम महोत्सव का आयोजन शुरू किया गया था। सरकार की इस पहल से किसानों को भी सीधे ग्राहकों को आम बेचने का अवसर मिला। इससे उनकी आय भी 30 से 35 फीसदी बढ़ी।
वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स इयर के रूप में मनाया जा रहा है। इस आम महोत्सव में केन्द्र सरकार की पीएमएफएमई योजना के लाभार्थियों के प्रोडक्ट्स, मिलेट्स आधारित उत्पादन समेत एफपीओ की ओर से बाजारा, मूंग आदि प्राकृतिक खेती आधारित उपज भी बेचे गए। किसानों के उत्पादन और उपज की आयु बढ़ाने के लिए के लिए कृषि विभाग के तहत गुजरात एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड राज्य के विभिन्न स्थलों पर शीतागार, शॉर्टिंग-ग्रेडिंग, पैकिंग और राइपनिंग, इ-रेडिएशन प्रोसेसिंग यूनिट, इंटीग्रेटेड पैक हाउस समेत पेरीशेबल कार्गों कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधा उपलब्ध कराता है।

